कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में गन्ना पेराई सत्र 2025-26 की बैठक सम्पन्न

नरसिंहपुर, 26 नवंबर 2025. कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में गन्ना पेराई सत्र 2025- 26 की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बुधवार को अधिकारियों, गन्ना मिल प्रबंधकों एवं कृषक संघों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए।

      बैठक में कलेक्टर श्रीमती सिंह ने निर्देशित किया कि गन्ना उत्पादक किसानों को शुगर मिल में गन्ना प्रदाय करने के लिए पर्ची सिस्टम का कड़ाई से पालन किया जावे, कृषक पर्ची के माध्यम से ही गन्ना प्रदाय करेंगे तथा डिस्प्ले सिस्टम के माध्यम से प्रचलित टोकन का प्रदर्शन किया जाए। किसानों को एसएमएस द्वारा पर्ची की जानकारी दी जाए। शक्ति शुगर मिल कौंड़िया द्वारा उपयोग किए जा रहे एप से कृषक काफी लाभांवित हुए हैं, जिसमें किसानों को भुगतान की जानकारी एप के माध्यम से प्रदर्शित हो रही है और सम्पूर्ण प्रक्रिया पारदर्शी है। शुगर मिल गेट पर डिस्प्ले के माध्यम से ट्राली की तुलाई की जानकारी दी जाए। शुगर मिल परिसर में यार्ड की क्षमता वृद्धि हो, ताकि रोड पर ट्रालियां न लगे एवं यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके। शुगर मिलों में किसानों के लिए पेयजल और शौचालय आदि की व्यवस्था की जाए और मिल परिसर में स्वच्छता के मानकों का पालन किया जाए। समस्त गन्ना ट्रालियों में रेडियम रिफ्लेक्टर लगवाना सुनिश्चित करें, ताकि रात्रि समय में दुर्घटनाओं को रोका जा सके। शुगर मिलों में जेसीबी मशीन हमेशा तैयार रहे, ताकि रोड पर किसी भी प्रकार से जाम न लग सके। मिल गेट और बाहर गार्ड द्वारा व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित रहे। तौल- कांटा की टेस्टिंग किसानों की उपस्थिति में की जाए और पंचनामा तैयार किया जाए। नाप-तौल अधिकारी द्वारा समय- समय पर औचक निरीक्षण कर तौल-कांटे की जांच की जाए।

      बैठक में कलेक्टर श्रीमती सिंह ने निर्देश दिए कि शुगर मिलों द्वारा गन्ना किसानों को उनके गन्ने का भुगतान गन्ना अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार समय सीमा में बैंक खातों में किया जाए। शुगर मिलों द्वारा क्रय किए गए गन्ना की मात्रा, राशि, गन्ना मूल्य भुगतान एवं कृषक संख्या संबंधी जानकारी निर्धारित प्रपत्र में प्रत्येक शुक्रवार को प्रस्तुत करें और किसानों की समस्याओं का समाधान तुरंत किया जाए। रिकव्हरी की टेस्टिंग पूर्णत: पारदर्शी रूप से किसानों की उपस्थिति में की जावे। समस्त शुगर मिल गन्ना मूल्यों में एक रूपता रखने के निर्देश शुगर मिलों को दिए। दिसम्बर माह के प्रारंभ सप्ताह में शुगर रिकव्हरी जांच के निर्देश दिए। गन्ना ट्रालियां ओव्हरलोड होकर नहीं चलाई जाए और सुरक्षा के मानकों का ध्यान रखा जाए। कलेक्टर ने सहायक संचालक गन्ना को निर्देशित किया कि वे उक्त सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन करवाना सुनिश्चित करें और समय- समय पर शुगर मिलों में आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जाए।

      बैठक में सहायक संचालक गन्ना डॉ. अभिषेक दुबे ने पेराई सत्र 2025- 26 की कार्ययोजना प्रस्तुत की। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, उप संचालक कृषि श्री मोरिस नाथ, सहायक संचालक गन्ना डॉ. अभिषेक दुबे, जीएमडीआईसी श्री पंकज सिंह पटेल, जिला परिवहन अधिकारी, गन्ना अनुसंधान केन्द्र बोहानी के वैज्ञानिक, शुगर मिल प्रबंधक और कृषक संघों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

shop