Our Visitor:

दिसंबर तक पूर्ण करें बीटी सड़क के शेष कार्य- कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह

नरसिंहपुर, 22 अक्टूबर 2026. कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने जिले में सड़क निर्माण, सड़क सुधार एवं सेतु निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों की बेहतर स्थिति, सुरक्षित आवागमन और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करें।

      कलेक्टर श्रीमती सिंह ने पीडब्ल्यूडी विभाग कार्यपालन यंत्री को सांकल रोड का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों के आसपास उगी झाड़ियों की कटाई कराई जाए, जिससे वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी न हो और सड़क पर दृश्यता बनी रहे। केरपानी-सरसला रोड पर मोड़ के पास सड़क में हुए गड्ढों की मरम्मत तत्काल कराने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों से कहा कि जिन सड़कों पर बीटी (बिटुमिनस टॉपिंग) का कार्य शेष है, उन्हें दिसंबर माह तक अनिवार्य रूप से पूरा किया जाए।

      कलेक्टर श्रीमती सिंह ने लोक पथ ऐप का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया, ताकि आम नागरिक सड़क संबंधी समस्याओं की जानकारी ऐप के माध्यम से दे सकें। उन्होंने कार्यपालन यंत्री पीडब्ल्यूडी को निर्देशित किया कि ऐप पर अपलोड किए जा रहे फोटो की जांच करें तथा यह सुनिश्चित करें कि संबंधित शिकायतों पर वास्तव में क्या कार्यवाही की गई है। मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) के अंतर्गत दादा महाराज से गोटेगांव होते हुए झांसीघाट तक तथा करेली से गाडरवारा होते हुए पनागर तक सड़क सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए।

      बैठक में एमपीआरडीसी के जनरल मैनेजर के अनुपस्थित रहने पर कलेक्टर श्रीमती सिंह ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सेतु निर्माण विभाग के अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने गांधी चौक तथा सालीचौका-मनकवारा ब्रिज का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने को कहा। साथ ही विभिन्न पुलों पर रेलिंग लगाने का कार्य प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए, जिससे आवागमन के दौरान नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

      कलेक्टर श्रीमती सिंह ने बरमान में नेशनल हाईवे एवं लोक निर्माण विभाग की एप्रोच रोड पर आवश्यक बैरियर लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बरमान ब्रिज पर ड्रॉप बैरियर लगाए जाने का कार्य भी शीघ्र पूर्ण करने को कहा, ताकि यातायात का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

shop