शब्द पावर – जगदंबिका साहू
चिल्फी / बोड़ला। कबीरधाम जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चिल्फी घाटी के बस स्टैंड में श्री वनांचल दुर्गा समिति द्वारा इस वर्ष विजयादशमी पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। समिति द्वारा 22 अक्टूबर को दशहरा उत्सव, छिंदवाड़ा के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा मशहूर झांकी प्रस्तुति, रावण दहन और रात्रिकालीन छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम रंग छतीसा रगा रंगा का आयोजन किया जा रहा है।
समिति के व्यवस्थापक बृजेश तिवारी, प्रकाश अग्रवाल, जितेंद्र जायसवाल, राजेश रजक, राकेश मरावी ने बताया कि हर साल की तरह इस साल भी चिल्फी घाटी बस स्टैंड में दुर्गा पूजा के बाद दशहरे का भव्य आयोजन किया जा रहा है। चिल्फी घाटी बोड़ला ब्लॉक का मुख्य द्वार है और यहां छत्तीसगढ़ के साथ-साथ मध्यप्रदेश के बालाघाट और मंडला जिले से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
श्री वनांचल दुर्गा समिति बस स्टैंड चिल्फी घाटी की कार्यकारिणी के अध्यक्ष ओम शंकर धुर्वे, अध्यक्ष निखिल जायसवाल, उपाध्यक्ष नरेश झारिया, सचिव चंद्रप्रकाश उसराठे, सह सचिव मानव दास, दिनेश झारिया, ललित गुप्ता, चंदन झारिया, कोषाध्यक्ष शुभम जायसवाल, मिंटी उसराठे सहित पूरी टीम पिछले एक सप्ताह से तैयारियों में जुटी हुई है।
समिति ने बताया कि 22 तारीख की शाम 4 बजे से छिंदवाड़ा मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा रामायण आधारित जीवंत झांकियों की प्रस्तुति दी जाएगी। इसमें राम-रावण युद्ध, हनुमान जी की विशाल झांकी और मां दुर्गा के नौ रूपों की झलक देखने को मिलेगी।
शाम 7 बजे मुख्य कार्यक्रम स्थल बस स्टैंड मैदान में 30 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। रावण दहन के साथ ही आतिशबाजी का भी विशेष प्रदर्शन होगा। समिति ने ग्रामीणों से अपील की है कि रावण दहन के समय सुरक्षित दूरी बनाकर रखें।
रात्रि में छत्तीसगढ़ी रंगारंग कार्यक्रम
रावण दहन के पश्चात रात्रि 9 बजे से “रंग छतीसा रगा रंगा” छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें स्थानीय कलाकारों द्वारा छत्तीसगढ़ी लोकगीत, करमा, ददरिया, सुआ नृत्य और गम्मत की प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम का उद्देश्य आदिवासी वनांचल क्षेत्र की संस्कृति को मंच देना है।
व्यवस्थापकों ने बताया कि दशहरा उत्सव को लेकर पुलिस प्रशासन और स्थानीय प्रशासन को सूचना दे दी गई है। भीड़ को देखते हुए पार्किंग, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था की विशेष व्यवस्था की गई है।
श्री वनांचल दुर्गा समिति ने समस्त क्षेत्रवासियों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर दशहरा उत्सव को सफल बनाने की अपील की है।
© 2025 Shabdpower . All rights reserved. Developed By Customize Theme.