नरसिंहपुर, 21 जुलाई 2026. गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के अंतर्गत सांदीपनि विद्यालय, नरसिंहपुर में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति नीलेश काकोडिया ने भ्रमण कर विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए गुरु के महत्व पर अपने विचार साझा किए।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती काकोडिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में गुरु का स्थान सर्वोच्च होता है। गुरुजनों का मार्गदर्शन और आशीर्वाद ही व्यक्ति को सही दिशा प्रदान करता है तथा उसके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखता है। उन्होंने विद्यार्थियों को गुरु-शिष्य परंपरा के मूल्यों को अपनाने और अपने गुरुजनों के प्रति सदैव सम्मान व श्रद्धा बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर स्टेशनगंज पुलिस थाना के अधिकारियों द्वारा “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। पुलिस अधिकारी सुश्री दिव्या सनोडिया ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया और सभी को नशामुक्त रहने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य श्री प्रभात मिश्रा, शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
© 2025 Shabdpower . All rights reserved. Developed By Customize Theme.