Our Visitor:

70वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन बोहानी में रोमांचक मुकाबला

रीवा ने उज्जैन को 29 रन से हराया, नीरज चौहान बने मैन ऑफ द मैच

नरसिंहपुर, 24 अक्टूबर 2026. राज्य स्तरीय 70वीं शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता 2026-27 के 19 वर्ष बालक वर्ग के दूसरे दिन शनिवार को राघव कृषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बोहानी के स्टेडियम मैदान पर रीवा एवं उज्जैन के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। मैच का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके पश्चात खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया। इस अवसर पर श्री रमाकांत शर्मा, श्री अरुण शर्मा, श्री आलोक शर्मा, श्री शैलेन्द्र शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और दर्शकगण मौजूद थे।

      इसके बाद उज्जैन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए रीवा की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 177 रन बनाए। रीवा की ओर से नीरज चौहान ने 30 गेंदों में 55 रन की शानदार पारी खेली, जबकि अनेक सिंह ने 23 गेंदों में 25 रन बनाए। उज्जैन की ओर से सुफियान पठान ने 4 ओवर में 26 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।

      लक्ष्य का पीछा करने उतरी उज्जैन की टीम 19.4 ओवर में 148 रन पर ऑलआउट हो गई। उज्जैन की ओर से गर्व सिसोदिया ने 14 गेंदों में 39 रन तथा सुफियान पठान ने 21 रन बनाए। रीवा की ओर से नीरज चौहान ने गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 3.4 ओवर में 34 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि ज्योतिरादित्य ने 4 ओवर में 22 रन देकर 2 विकेट लिए। इस प्रकार रीवा ने उज्जैन को 29 रन से पराजित कर मुकाबला अपने नाम किया। शानदार बल्लेबाजी एवं गेंदबाजी के लिए नीरज चौहान को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार श्री प्रदीप शर्मा एवं श्री मनीष भार्गव द्वारा प्रदान किया गया।

      प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विद्यालय के प्राचार्य श्री अजय शर्मा, श्री संजीव पालीवाल, विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राओं, ग्राम पंचायत सदस्यों तथा बिजली विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान किया। मैच में अंपायर की भूमिका स्वप्निल शर्मा एवं सचिन पटेल ने निभाई। स्कोरर शिवम कटारे तथा सहायक स्कोरर आदित्य द्विवेदी रहे। प्रतियोगिता के दौरान खेल मैदान पर खिलाड़ियों एवं दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

shop