Our Visitor:

मंत्री श्री पटेल ने हितग्राहियों को हितलाभ देकर किया लाभांवित

      मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के दौरान ग्राम हीरापुर में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने विभिन्न हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से हितलाभ वितरित कर उन्हें लाभांवित किया। मंत्री श्री पटेल व अन्य अतिथियों ने 40 स्वसहायता समूह की महिलाओं को एक करोड़ 7 लाख रुपये का चैक सौंपा। इसके अलावा पशु पालन विभाग द्वारा संचालित आचार्य विद्या सागर योजना के तहत श्री अभिषेक लोधी को स्वीकृति पत्र सौंपा गया। साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीबी मरीजों को फूड बास्केट भी वितरित किए।

हीरापुर शिविर में ग्रामीणों को मौके पर ही मिली विभिन्न शासकीय सेवाओं की सुविधा

      कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत ग्राम हीरापुर में आयोजित शिविर में नागरिकों को उपलब्ध कराई गई सेवाओं एवं लाभों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों को मौके पर ही आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं तथा पात्र हितग्राहियों के आवेदन एवं दस्तावेज संबंधी कार्यवाही की गई।

      कलेक्टर ने बताया कि शिविर में 48 किसानों में से 31 किसानों की फार्मर आईडी बनाई गई तथा 6 फौती दर्ज की गई। समग्र ई-केवायसी के तहत 8 नागरिकों के कार्य पूर्ण किए गए, जबकि राशन पात्रता पर्ची में 8 नाम जोड़े गए। सहकारिता विभाग के माध्यम से 12 किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड बनाए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 2 लाड़ली बहना योजना के आवेदन भरवाए गए। श्रम विभाग के अंतर्गत प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के लिए 15 हितग्राहियों के आवेदन दर्ज किए गए।

      कलेक्टर श्रीमती सिंह ने बताया कि शिविर में लगाए गए आधार सेंटर के माध्यम से 36 लोगों के आधार संबंधी कार्य किए गए। इनमें 20 नए आधार कार्ड बनाए गए तथा 16 आधार कार्ड अपडेट किए गए। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में 48 लोगों के एक्स-रे किए गए। इसके अलावा 100 से अधिक नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यकतानुसार दवाइयां वितरित की गईं। पशुपालन विभाग द्वारा शिविर में पशुओं के टीकाकरण का कार्य भी किया गया।

      कार्यक्रम में पूर्व राज्यमंत्री श्री जालम सिंह पटेल, राजा कौशलेंद्र सिंह, जिला पंचायत सदस्य श्री सीताराम नामदेव, श्री देवी सिंह पटेल, श्री महेश राव, श्री वीरेंद्र पटेल, श्री दीपक राय, श्री मनमोहन साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा, सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, अपर कलेक्टर श्री अरविंद सिंह, जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

मंत्री श्री पटेल ने किया पौधरोपण

      मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने नरसिंहपुर की ग्राम पंचायत हीरापुर में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जन संवाद कार्यक्रम में शामिल होने से पूर्व मां नर्मदा समृद्धि योजना के अंतर्गत ग्राम बंदरोहा में पौधारोपण किया।

shop