Our Visitor:

ईद मिलाद-उन-नवी, जन्माष्टमी एवं गणेश उत्सव को लेकर शांति समिति की बैठक सम्पन्न

कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

जुलूसयातायातविद्युतस्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर

नरसिंहपुर24 अगस्त 2026. जिले में आगामी ईद मिलाद-उन-नवी, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं गणेश उत्सव पर्व शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के साथ सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी धार्मिक पर्वों के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात, स्वच्छता, विद्युत, पेयजल, सुरक्षा एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

      कलेक्टर श्रीमती सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्वों के अवसर पर निकलने वाले जुलूसों के मार्ग का पूर्व निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं। जुलूस मार्ग में सीवरेज के गड्ढों की मरम्मत, साफ-सफाई, चूने की लाइन, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, यातायात नियंत्रण एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

      धार्मिक पर्वों के दौरान नर्मदा तटों पर होने वाले आयोजनों एवं विसर्जन को देखते हुए नाव, गोताखोर, रेस्क्यू टीम, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। शांति समिति के सदस्यों ने जुलूसों एवं धार्मिक आयोजनों के दौरान पर्याप्त संख्या में महिला पुलिस बल की तैनाती किए जाने की आवश्यकता भी बताई।

      गणेश उत्सव को लेकर निर्देश दिए गए कि गणेश पंडाल सड़क पर नहीं लगाए जाएंगे। पंडालों की स्थापना निर्धारित एवं उपयुक्त स्थानों पर ही की जाएगी। आयोजकों से पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए भी कहा गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के कारण यातायात बाधित न हो, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। थाना स्तर पर गणेश मंडलों की बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश देने के लिए भी कहा गया।

      बैठक में डीजे संचालकों की बैठक आयोजित कर उन्हें माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देशों से अवगत कराने के निर्देश दिए। रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर प्रतिबंध का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। निर्धारित समय में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग के लिए आवश्यक अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य होगा। समिति द्वारा आगामी धार्मिक पर्वों में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के सीमित एवं निर्धारित उपयोग को लेकर भी चर्चा की गई।

      धार्मिक आयोजनों एवं जुलूसों के दौरान आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था के लिए एम्बुलेंस एवं चिकित्सा दल उपलब्ध रहे। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सड़कों पर मवेशियों को खुला छोड़ने एवं उनके सड़कों पर विचरण करने की स्थिति में संबंधित पशु मालिकों के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। समिति सदस्यों द्वारा नरसिंहपुर रेलवे ओवरब्रिज के सर्विस रोड की मरम्मत कराए जाने की आवश्यकता बताई गई। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सर्विस रोड का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

      कलेक्टर ने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान आयोजन समितियों द्वारा प्रसादी का वितरण किया जाता है। प्रसादी वितरण के लिए डिग्रेडेबल एवं पर्यावरण अनुकूल सामग्री का ही उपयोग किया जाए। कलेक्टर ने शांति समिति के सदस्यों एवं जिलेवासियों से आगामी सभी धार्मिक पर्वों को आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी पर्व हमारी सामाजिक एकता और सद्भाव की भावना को मजबूत करने का अवसर हैं। बैठक में अतिरिक्‍त पुलिस अधीक्षक श्री संदीप भूरिया, अपर कलेक्टर श्री अरविंद सिंह, श्री अश्विनी धौरेलिया, श्री किशन गुप्ता, श्री मैथिलीशरण तिवारी, श्री नरेन्द्र राजपूत, श्री जनरल सिंह, श्री विनय जैन, चौ.विभाष जैन, श्री लालसाहब जाट, श्री मनमोहन सिंह, अब्दुल हकीम खान, श्री याकूब खान, श्री आनंद चौरसिया, श्री मुकेश कटारे, अब्दुल कदीर, श्री इंद्रपाल सिंह, श्री दिनेश दुबे, श्री शिवकुमार राजपूत, श्री अभिषेक नेमा, श्री रीतेश नामदेव, श्री तालिब बिलाल, मो. निशार, शेख रज्जाक सहित समिति के अन्य सदस्यगण और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

shop