Our Visitor:

विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को ‘आईकॉन ऑफ देवभूमि अवॉर्ड 2026’ से नवाजा

कुमाऊँ केसरी की अनूठी पहल
देश-विदेश की हस्तियां एक मंच पर हुईं शामिल
गदरपुर। दिनेशपुर रोड स्थित अशोका रिसॉर्ट में आयोजित ‘आईकॉन ऑफ देवभूमि अवॉर्ड 2026’ समारोह प्रतिभाओं के सम्मान, समाजसेवा, संस्कृति, शिक्षा, स्वास्थ्य, मीडिया, व्यापार, कला, खेल और सामाजिक चेतना का एक भव्य संगम बनकर सामने आया। कुमाऊँ केसरी द्वारा आयोजित इस सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली सैकड़ों प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि छोटे शहर गदरपुर में देश-विदेश से जुड़ी प्रतिष्ठित हस्तियों को एक मंच पर लाकर समाज में सकारात्मक कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया,

कार्यक्रम का शुभारंभ अत्यंत गरिमामयी वातावरण में हुआ। पद्मश्री वैद्य बालेंदु प्रकाश, समाजसेवी लाल बादशाह, योग गुरु सोहित योगी, योगाचार्य प्रदीप योगी, स्वामी शिवानंद जी महाराज, अभिनेता वरुण सूरी, मर्चेंट नेवी के कैप्टन एवं यूटफोर्ट मैरीन कंपनी के सीईओ सौरभ सारस्वत, पालिकाध्यक्ष मनोज गुंबर तथा व्यापार मंडल प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक छाबड़ा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ ही पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और समारोह ने एक प्रेरणादायक शुरुआत की।

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। विहान संस्कृति ग्रुप की टीम द्वारा प्रस्तुत नंदा राजजात यात्रा की सांस्कृतिक झलक ने उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवंत कर दिया। कलाकारों की प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा। वहीं डांस ऐली की टीम ने पंजाबी गीतों पर ऊर्जावान नृत्य प्रस्तुत कर समारोह में मनोरंजन का रंग भर दिया। कार्यक्रम में मौजूद अतिथि और दर्शक कलाकारों की प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते नजर आए।

कार्यक्रम के आयोजक एवं कुमाऊँ केसरी के संपादक प्रदीप फुटेला ने सभी अतिथियों, सम्मानित प्रतिभाओं एवं उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि “आईकॉन ऑफ देवभूमि अवॉर्ड केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि समाज में चुपचाप उत्कृष्ट कार्य कर रहे उन लोगों को नमन करने का माध्यम है, जो अपने कर्मों से दूसरों के लिए प्रेरणा बन रहे हैं।” उन्होंने कहा कि कुमाऊँ केसरी हमेशा समाज में सकारात्मक कार्य करने वालों को पहचान देने का कार्य करता रहेगा। उन्होंने कहा कि कई बार ऐसे लोग जो वर्षों से समाज, शिक्षा, स्वास्थ्य, कला और सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रहे होते हैं, उन्हें उचित मंच नहीं मिल पाता। ऐसे लोगों को सम्मानित कर उनके योगदान को समाज के सामने लाना इस आयोजन का उद्देश्य है।

मुख्य अतिथि पद्मश्री वैद्य बालेंदु प्रकाश ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि छोटे शहर में इतने व्यवस्थित तरीके से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की हस्तियों को एक मंच पर लाना आसान नहीं होता। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए कुमाऊँ केसरी टीम को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य के क्षेत्र में जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए पैंक्रियाटाइटिस (अग्नाशयशोध) जैसी गंभीर बीमारी के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली और खानपान में बदलाव के कारण कई गंभीर बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं, इसलिए लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति अधिक जागरूक होने की आवश्यकता है।

योग गुरु सोहित योगी ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में मनुष्य कई प्रकार की शारीरिक और मानसिक समस्याओं से जूझ रहा है, जिसका सबसे प्रभावी समाधान योग और संतुलित जीवनशैली में छिपा है। उन्होंने कहा कि यदि व्यक्ति नियमित योग, प्राणायाम और संतुलित आहार को अपने जीवन का हिस्सा बना ले, तो अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने उपस्थित लोगों से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

वहीं योगाचार्य प्रदीप योगी ने आधुनिक खानपान पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज बाजार में मिलने वाले खाद्य पदार्थों में रासायनिक तत्वों और कीटनाशकों की मात्रा बढ़ती जा रही है, जो मानव स्वास्थ्य को प्रभावित कर रही है। उन्होंने कहा कि लोगों को घर का स्वच्छ, सात्विक और पौष्टिक भोजन अपनाना चाहिए, ताकि स्वस्थ जीवन जिया जा सके।

समाजसेवी लाल बादशाह ने अपने संबोधन में समाजसेवा के अनुभव साझा करते हुए कहा कि जरूरतमंदों की मदद करने से जो संतोष मिलता है, वह किसी भी अन्य उपलब्धि से बड़ा होत…

shop