नरसिंहपुर, 02 मई 2026. कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने शनिवार को जिले के विकासखंड करेली के विभिन्न ग्राम पंचायतों में जाकर जल गंगा संवर्धन अभियान के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जल संरक्षण के तहत कंटूर ट्रेंच निर्माण एवं शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने ग्राम पंचायत गिधवानी में लगभग 8 एकड़ शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए। यहां एक हजार कंटूर ट्रेंच निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने पौधरोपण कराने के निर्देशित किया। इसी तरह कलेक्टर ने निर्देशित किया कि ग्राम पंचायत नयाखेड़ा में चिन्हांकित भूमि में जल संरक्षण के उद्देश्य से एक हजार कंटूर ट्रेंच निर्माण किया जाए। ग्राम गोबरगांव में लगभग 14 एकड़ शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने एवं गांव के प्राचीन तालाबों की सफाई व संरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत आमगांवबड़ा में वॉटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं का निरीक्षण किया। यहां लगभग 7 एकड़ शासकीय भूमि को समय सीमा में अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करें। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत श्री उदय सिंह सहित संबंधित ग्राम पंचायतों का अमला उपस्थित रहा।
इसके अलावा कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने ग्राम तिंसरा में पीएमजीएसवाय द्वारा नवनिर्मित पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने नदी में पढ़ी निर्माण सामग्री और अन्य कचरे को हटाकर साफ-सफाई करने के निर्देश दिए, ताकि नदी का प्रवाह अविरल बना रहे।
© 2025 Shabdpower . All rights reserved. Developed By Customize Theme.