Our Visitor:

महिला स्वसहायता समूहों/ ग्राम संगठनों को गेहूं उपार्जन एवं गुणवत्ता परीक्षण संबंधी प्रशिक्षण सम्पन्न

नरसिंहपुर, 18 अप्रैल 2026. रबी उपार्जन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी को सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिले में चयनित 14 महिला स्वसहायता समूहों एवं ग्राम संगठनों को गेहूं उपार्जन प्रक्रिया एवं स्कंध की गुणवत्ता परीक्षण संबंधी प्रशिक्षण कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शुक्रवार को आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में स्वसहायता समूहों/ग्राम संगठनों के अध्यक्ष, सचिव, कम्प्यूटर ऑपरेटर एवं सर्वेयर मौजूद थे।

      प्रशिक्षण में जिला आपूर्ति अधिकारी श्री देवेन्द्र कुमार खोबरिया ने ई-उपार्जन पोर्टल के माध्यम से गेहूं खरीदी की सम्पूर्ण प्रक्रिया की तकनीकी जानकारी प्रदान की। उन्होंने भारत सरकार के पी.सी.एस.ए.पी. पोर्टल पर खरीदी केंद्रों से संबंधित 16 बिंदुओं की जानकारी विस्तार से समझाते हुए आवश्यक इंद्राज एवं फोटो अपलोड कर समय पर सबमिट करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी खरीदी केंद्रों को निर्देशित किया कि गेहूं उपार्जन से संबंधित सभी तैयारियां पूर्ण करते हुए जिन किसानों द्वारा स्लॉट बुक किए जा चुके हैं, उनसे निर्धारित तिथि पर खरीदी कार्य तत्काल प्रारंभ करें। साथ ही स्वसहायता समूहों/ ग्राम संगठनों के लिए डी.एस.सी. (डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट) शीघ्र तैयार कराने के निर्देश दिए, ताकि किसानों के भुगतान की ऑनलाइन प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए खरीदी केंद्रों पर किसानों के लिए छायादार बैठक, ठंडा पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देशित किया। इसके अतिरिक्त असमय बारिश से बचाव के लिए तिरपाल आदि की व्यवस्था एवं प्रतिदिन खरीदी गई गेहूं की मात्रा के अनुसार समय पर परिवहन कर गोदामों में भंडारण सुनिश्चित करने के लिए कहा। भारतीय खाद्य निगम के गुणवत्ता नियंत्रक (प्रबंधक) श्री वैभव मुंद्रे ने गेहूं की गुणवत्ता परीक्षण की प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी देते हुए निर्देश दिए कि किसानों से गेहूं की खरीदी केवल निर्धारित एफ.ए.क्यू. मानकों के आधार पर ही की जाए।

समा.क्र. 92/ 587/ श्री मेरावी/ फोटो नं. 01 व 02

shop