नरसिंहपुर, 21 मई 2026. मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य (राज्य मंत्री दर्जा) श्रीमती साधना स्थापक ने गुरुवार को जिला चिकित्सालय नरसिंहपुर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गायनिक ओपीडी, चाइल्ड ओपीडी, लेबर रूम, एचडीयू यूनिट, ऑपरेशन थियेटर एवं एएनसी वार्ड सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक पाई गई।
मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य (राज्य मंत्री दर्जा) श्रीमती साधना स्थापक ने महिला कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार को लेकर प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की अभद्रता पाए जाने पर त्वरित कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। उन्होंने अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन रैन बसेरा भवन का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान श्रीमती स्थापक ने एएनसी वार्ड एवं एचडीयू यूनिट में भर्ती मरीजों से सीधे संवाद कर उनके स्वास्थ्य, उपचार एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही मरीजों के परिजनों से भी चर्चा कर अस्पताल की व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष मिश्रा, सिविल सर्जन डॉ. आर.के. चौधरी, आरएमओ डॉ. राहुल नेमा, अस्पताल प्रबंधक डॉ. राजेन्द्र डेहरिया, सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास सुश्री प्रांजलि मर्सकोले, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री राधेश्याम वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं स्टाफ उपस्थित रहे
© 2025 Shabdpower . All rights reserved. Developed By Customize Theme.