Our Visitor:

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता, टीबी मरीजों को समय पर मिले पोषण सहायता- कलेक्टर

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा

नरसिंहपुर, 23 जुलाई 2026. कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, टीबी उन्मूलन, सीएम हेल्पलाइन, दस्तक अभियान एवं मानसूनी बीमारियों की रोकथाम से जुड़े विभिन्न विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

      बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष कुमार मिश्रा, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. आर.के. चौधरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी (महिला एवं बाल विकास) श्री राधेश्याम वर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित कार्यक्रमों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

      कलेक्टर श्रीमती सिंह ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीयन, चार एएनसी जांच, एनीमिया (मॉडरेट एवं सीवियर) तथा पीआईएच के प्रभावी प्रबंधन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं का पंजीयन अपेक्षाकृत कम है, वहां विशेष अभियान चलाकर लक्ष्य की पूर्ति की जाए।

      उन्होंने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नरसिंहपुर में अपेक्षाकृत कम पंजीयन पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही सभी विकासखंडों में प्रतिदिन डिलीवरी संबंधी जानकारी समय पर अपडेट करने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी।

      गृह आधारित नवजात शिशु देखभाल (एचबीएनसी) कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान करेली एवं गोटेगांव विकासखंड में कम प्रगति पाए जाने पर कलेक्टर ने असंतोष व्यक्त किया तथा संबंधित कम्युनिटी मोबिलाइजर के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

      बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन स्वास्थ्य संस्थानों में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) के पद रिक्त हैं, वहां निकटवर्ती स्वास्थ्य केंद्रों से अतिरिक्त प्रभार देकर सेवाएं प्रभावित न होने दी जाएं। उन्होंने जिला चिकित्सालय के एसएनसीयू एवं महिला वार्ड का प्रतिदिन निरीक्षण करने के लिए सीएमएचओ एवं सिविल सर्जन को निर्देशित किया।

      टीबी उन्मूलन अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने टीबी स्क्रीनिंग एवं एक्स-रे ऑफरिंग शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने तथा आगामी 15 अगस्त 2026 से पूर्व सभी पात्र टीबी मरीजों को फूड बास्केट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने एनसीपीसी के माध्यम से समाजसेवियों एवं व्यापारिक संगठनों का सहयोग लेकर प्रत्येक टीबी मरीज तक पोषण सहायता पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।

      कलेक्टर श्रीमती सिंह ने सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों एवं नॉन-पेमेंट प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं से व्यक्तिगत संपर्क बनाए रखते हुए उनकी नियमित मॉनिटरिंग करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

      दस्तक अभियान की समीक्षा के दौरान उन्होंने डिजिटाइजेशन एवं स्क्रीनिंग का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही आरबीएसके टीमों को बच्चों की स्क्रीनिंग, समयबद्ध फॉलोअप तथा सैम एवं मैम बच्चों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के लिए कहा।

      बैठक के अंत में कलेक्टर ने मानसून के दौरान डेंगू, मलेरिया एवं अन्य मौसमी संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रभावी सर्विलांस, समय पर उपचार एवं व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य संस्थान आवश्यक दवाओं एवं संसाधनों से सुसज्जित रहें तथा आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कमी न रहे।

shop