Our Visitor:

12 वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम नरसिंह मंदिर प्रांगण में सम्पन्न हुआ

मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह के साथ जनप्रतिनिधि, शासकीय सेवक और नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास किया

नरसिंहपुर, 21 जून 2026. प्रदेश शासन के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह के मुख्य आतिथ्य में 12 वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास का जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम नरसिंह मंदिर प्रांगण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री नीरज दुबे, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गजेंद्र सिंह नागेश, विद्यार्थी व संगठनों के पदाधिकारियों सहित अधिकारी- कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद थे। मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने योगाभ्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल एक व्यायाम पद्धति नहीं है, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का प्राचीन भारतीय विज्ञान है। जिसने सम्पूर्ण विश्व को स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन जीने की दिशा प्रदान की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सतत प्रयासों एवं दूरदर्शी नेतृत्व के परिणामस्वरूप आज “अंतरराष्ट्रीय योग दिवस” एक वैश्विक जनआंदोलन का स्वरूप ले चुका है। योग से करोड़ों लोग स्वास्थ्य और जनकल्याण के प्रति जागरूक हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर सभी नागरिक योग को अपनाकर अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाकर स्वस्थ और निरोग जीवन की ओर एक सकारात्मक कदम बढ़ाएं। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने भी जिला स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम को संबोधित किया।

      प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी पश्चिम बंगाल में आयोजित राष्ट्रीय योगाभ्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रधानमंत्री श्री मोदी के कार्यक्रम का एलईडी के माध्यम से नरसिंह मंदिर प्रांगण में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में सीधा प्रसारण किया गया। सामूहिक योग कार्यक्रम की शुरूआत प्रार्थना से हुई। इसके बाद नागरिकों ने योग की चालन क्रियायें, योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। योगासनों में ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्द्ध चक्रासन, त्रिकोणासन, दंडासन, भद्रासन, वज्रासन, अर्द्ध उष्ट्रासन, उष्ट्रासन, शशकासन, उत्थानमंडूकासन, वक्रासन, मकरासन, भुजंगासन, शलभासन, सेतुबंधासन, उत्थानपादासन, अर्द्धहलासन, पवनमुक्तासन, शवासन का अभ्यास कराया गया।

shop