नरसिंहपुर, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को जनपद पंचायत करेली के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत गुरसी के ग्राम गोकला में जिला स्तरीय जन चौपाल का आयोजन किया गया। आयोजित जन चौपाल में सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी और ग्रामीणजन मौजूद थे।
जिले के समस्त अधिकारी जन चौपाल कार्यक्रम में अलग-अलग वाहनों से न जाकर एक ही बस में सामूहिक रूप से चौपाल स्थल तक पहुंचे, जिससे ईंधन बचत एवं सामूहिक सहभागिता का सकारात्मक संदेश भी दिया गया। ग्राम गोकला में आयोजित इस जन चौपाल में कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित किया। उन्होंने ग्रामीणों की शिकायत का तत्परता से निराकरण करने के निर्देश दिए। जन चौपाल में स्कूल शिक्षा विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, कृषि विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित अन्य विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
इस दौरान आधार अपडेट हेतु विशेष व्यवस्था की गई, जिसमें ग्राम के लगभग 10 आधार संशोधन एवं 6 नए आधार कार्ड बनाए गए। कृषि विभाग के अधिकारियों के द्वारा जनचौपाल कार्यक्रम में किसानों को मूंग, उड़द सहित अन्य फसलों का उत्पादन और नरवाई प्रबंधन की जानकारी दी गई। उन्होंने नरवाई प्रबंधन के लिए सुपर सीडर मशीन के बारे में जानकारी दी गई। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा उच्च शिक्षा के लिए संचालित शासकीय योजनाओं की जानकारी देकर विद्यार्थियों को आगे बढ़ने हेतु प्रेरित किया गया। चौपाल में ग्रामीणों ने गोकला से गुरसी तक, हैंडपंप कॉलोनी से खेल मैदान तक, खेल मैदान से शिव मंदिर तक और पंप हाउस से टोरिया तक सड़क निर्माण करने की मांग रखी, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया है।
© 2025 Shabdpower . All rights reserved. Developed By Customize Theme.