नरसिंहपुर, 03 अगस्त 2026. कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने सोमवार को महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विभागीय कार्यों की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं, अभिलेखों के संधारण, लंबित प्रकरणों तथा विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तार से जानकारी ली।
कलेक्टर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि विभाग की सभी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय-सीमा में सुनिश्चित रूप से पहुंचे। उन्होंने आंगनवाड़ी सेवाओं, पोषण अभियान, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना सहित अन्य योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का समय पर एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का जवाब दर्ज करते समय किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। विशेष रूप से दो वर्ष से लंबित शिकायतों का निराकरण एक सप्ताह के भीतर करने के निर्देश दिए। साथ ही असंतोषजनक जवाबों के स्थान पर गुणवत्तापूर्ण समाधान प्रस्तुत करने पर बल दिया।
कलेक्टर ने लाड़ली बहना योजना से संबंधित शिकायतों के भी समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने जिला कार्यालय की सभी शाखाओं का निरीक्षण करते हुए आवक-जावक पंजी का अवलोकन किया और निर्देश दिए कि सभी प्रविष्टियां सही एवं नियमित रूप से दर्ज की जाएं। अन्य अभिलेखों के पृष्ठांकन कर अधिकारी द्वारा सील एवं हस्ताक्षर सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कैशबुक का अवलोकन किया तथा सीडीपीओ कार्यालय में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के मानदेय देयकों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने नरसिंहपुर विकासखंड के आंगनवाड़ी केन्द्रों की स्थिति की समीक्षा करते हुए पोषण आहार ट्रैकर के प्रभावी उपयोग पर भी जोर दिया।
कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही बनाए रखी जाए।
© 2025 Shabdpower . All rights reserved. Developed By Customize Theme.