पहले दिन करीब 20 यूनिट रक्त संग्रहित
नरसिंहपुर, 29 अप्रैल 2026. भगवान नरसिंह प्रकटोत्सव के पावन अवसर पर जिला प्रशासन नरसिंहपुर द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में समाजसेवा की प्रेरणादायी मिसाल देखने को मिली। जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक में आयोजित इस शिविर में पहले ही दिन लगभग 20 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। इस अवसर पर होमगार्ड के जवान, डाईट का स्टॉफ व विद्यार्थी और कलेक्टर कार्यालय के लिपिक वर्गीय कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।
कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने कहा कि नरसिंह जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित यह रक्तदान शिविर जरूरतमंद मरीजों के जीवन बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि यह शिविर 30 अप्रैल और एक मई को भी जारी रहेगा, जिसमें अधिकारी-कर्मचारी एवं आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी नागरिकों से कहा कि वे आगे आकर रक्तदान करें और इस जनहितकारी शिविर को सफल बनाएं। यह रक्तदान शिविर न केवल सामाजिक सरोकार का उदाहरण है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि सामूहिक प्रयासों से मानव जीवन की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र नागेश, सीएमएचओ डॉ. मनीष मिश्रा, सिविल सर्जन डॉ. आर.के. चौधरी, आरएमओ डॉ. राहुल नेमा, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. प्रियंका नेमा, डाइट प्राचार्य श्री राजकिशोर श्रीवास्तव, जिला होमगार्ड के जवान, डाइट संस्थान के विद्यार्थियों तथा कलेक्टर कार्यालय के लिपिक वर्गीय कर्मचारी मौजूद थे।
© 2025 Shabdpower . All rights reserved. Developed By Customize Theme.