Our Visitor:

कक्षा 10 वीं और 12 वीं का परीक्षा परिणाम घोषित: नरसिंहपुर जिला प्रदेश में तीसरा, संभाग में प्रथम

कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने छात्र-छात्राओं को दी बधाई और शुभकामनाएं

नरसिंहपुर, 15 अप्रैल 2026. माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश के द्वारा संचालित हाई स्कूल/ हायर सेकेंडरी परीक्षा 2026 का परीक्षा परिणाम घोषित किया है। जिले में हाई स्कूल (कक्षा 10 वीं) का परीक्षा परिणाम 91.21 प्रतिशत और हायर सेकेंडरी स्कूल (कक्षा 12 वीं) का परीक्षा परिणाम 92.62 प्रतिशत रहा।

      कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र- छात्राओं को इस सफलता पर बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने विद्यार्थियों के अभिभावकों एवं विद्यालय के प्राचार्यों की भी प्रशंसा की। कलेक्टर ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार कुशवाहा, डाइट प्राचार्य श्री राजीव किशोर श्रीवास्तव, बीईओ श्री ब्रजेश शर्मा सहित संबंधित विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक एवं बच्चों के अभिभावक मौजूद थे।

      जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार कुशवाहा ने बताया कि जिले में सत्र 2026 में हाई स्कूल का परीक्षा परिणाम 91.21 प्रतिशत है। जिले ने प्रदेश में तीसरा और संभाग में  प्रथम स्थान प्राप्त किया है। हाई स्कूल परीक्षा में जिले के 5 विद्यार्थियों ने प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया है। इसी प्रकार हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम 92.62 प्रतिशत रहा।  जिले ने 12 वो की परीक्षा में प्रदेश में तीसरा और संभाग में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। साथ ही हायर सेकेंडरी परीक्षा में जिले के दो विद्यार्थियों ने प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया है।

      उन्होंने बताया कि कक्षा 10 वीं में 13087 दर्ज परीक्षार्थियों में से 13040 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिनका परीक्षा परिणाम घोषित किया गया है। घोषित परीक्षा परिणाम में 9494 परीक्षार्थी उत्तीर्ण होकर प्रथम श्रेणी में शामिल हैं, जिसमें 4215 बालक व 5279 बालिकाएं शामिल हैं। इसी तरह 1472 बालक व 899 बालिका इस तरह कुल 2371 परीक्षार्थी द्वितीय श्रेणी और 23 बालक व 6 बालिकाएं इस तरह कुल 29 परीक्षार्थी तृतीय श्रेणी में शामिल हैं। इस तरह 88.44 प्रतिशत बालक और 93.92 प्रतिशत बालिकाओं सहित कुल 91.21 प्रतिशत परीक्षा परिणाम रहा।

      जिले के सरस्वती उ.मा.वि. गोटेगांव के छात्र गौरवपुरी गोस्वामी ने 494 अंक अर्जित कर छटवां, शासकीय हाई स्कूल काशीखैरी की छात्रा अंशिका लोधी ने 492 व शासकीय उ.मा.वि. सूखाखैरी के छात्र कृष्णा कौरव ने 492 अंक अर्जित कर आठवां, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय नरसिंहपुर की छात्रा कु. शिल्पा पटेल ने 490 और सर्वोदय उ.मा.वि. तेंदूखेड़ा की छात्रा प्रांजल सोनी ने 490 अंक अर्जित कर दसवां स्थान प्राप्त किया है।

      कक्षा 12 वीं में 11110 दर्ज परीक्षार्थियों में से 11092 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिनका परीक्षा परिणाम घोषित किया गया है। घोषित परीक्षा परिणाम में 8267 परीक्षार्थी उत्तीर्ण होकर प्रथम श्रेणी में शामिल हैं, जिसमें 3430 बालक व 4837 बालिकाएं शामिल हैं। इसी तरह 1300 बालक व 688 बालिका इस तरह कुल 1988 परीक्षार्थी द्वितीय श्रेणी और 16 बालक व 2 बालिकाएं इस तरह कुल 18 परीक्षार्थी तृतीय श्रेणी में शामिल हैं। इस तरह 90.83 प्रतिशत बालक और 94.28 प्रतिशत बालिकाओं सहित कुल 92.62 प्रतिशत परीक्षा परिणाम रहा। जिले के वि.पी. सांईखेड़ा के छात्र ने 485 ने अंक अर्जित कर आठवां और शास.एस.डी.क.उ.मा.वि. नरसिंहपुर की छात्रा माही साहू ने 482 अंक अर्जित कर दसवां स्थान प्राप्त किया है

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

shop